हमारे देश में व्रतों का बड़ा ही महत्त्व है। व्रत का पालन धर्मपालन की तरह होता है। शुद्ध आचरण, पवित्र मन और भक्तिमय हृदय, ये तीन आवश्यक आयाम व्रती के जीवन में होना अत्यावश्यक है। यही कारण है कि भारतीय समाज पवित्रता युक्त वातावरण की निर्मिती के लिए मांसाहार, नशादि आदतों को कम से कम इस एक माह के लिए छोड़ देता है।
शिव और सोमवार
वैसे सावन मास का प्रत्येक दिन पवित्र माना जाता है, पर सोमवार को विशेष पूजा होती है। पौराणिक मान्यता है कि सावन मास में हुए समुद्र मंथन से निकले हलाहल का पान सोमवार को ही शिव ने किया था। शिव अपने सिर पर सोम (चंद्रमा) को धारण करते हैं। इसलिए सावन सोमवार के व्रत में भगवान शिव और देवी पार्वती की पूजा की जाती है। कई राज्यों में इस माह रामायण का नित्य पाठ भी किया जाता है, जिसके अंतर्गत शिवकथा का विशेष महत्त्व होता है।
कैसे रखें सोमवारी व्रत ?
प्राचीन शास्त्रों के अनुसार सोमवार के व्रत तीन तरह के होते हैं। सोमवार, सोलह सोमवार और सौम्य प्रदोष। सोमवार व्रत की विधि सभी व्रतों में समान होती है। परंतु इस व्रत को सावन मास में आरंभ करना शुभ माना जाता है। व्रत सोमवार सूर्योदय से प्रारंभ होकर तीसरे पहर तक रखा जाता है। कुछ भक्त सूर्योदय से सूर्यास्त तक निर्जला रहते हैं। कुछ फलाहार करते हैं तो कुछ नमक रहित भोजन कर अपना व्रत पूरा करते है। सोमवार व्रत की कथा सुनी जाती है, आरती व प्रसाद वितरण किया जाता है। सोमवारी व्रत से नयी उर्जा व शक्ति मिलती है।
जल अर्पण का महत्व
सोमवार को शिवलिंग पर जल अर्पण का विशेष महत्व है। समुद्र मंथन से निकले हलाहल का पान करने से भगवान शिव का कंठ नीला पड़ा गया था। विष की उष्णता को शांत करने के लिए समस्त देवी-देवताओं ने शिव पर जल अर्पण किया था। तभी से जल अर्पण की परंपरा चली आ रही है।
शिव की पूजा विधि
शिव की पूजा में जल,दूध,मधु,घी,पंचामृत,बेलपत्र,फूल,धतूरा,वस्त्र,चंदन,रोली,अक्षत,विजया,कमल गट्टा,पंचमेवा चढ़ाया जाता है। कपूर,धूप,दीया से आरती की जाती है। मान्यता है कि सोमवार को दुग्ध चढ़ाने पर मनोवांछित फल प्राप्त होता है।
सावन सोमवार व्रत फल
सोमवार व्रत नियमित रूप से करने पर भगवान शिव तथा देवी पार्वती की अनुकम्पा बनी रहती है।जीवन धन-धान्य से भर जाता है।सभी अनिष्टों का भगवान शिव हरण कर भक्तों के कष्टों को दूर करते हैं।
Tags:-
सोमवार, Bhakti, Shiv, Monday, पूजा, सावन, समुद्र मंथन, भगवान शिव, देवी पार्वती, सोलह सोमवार, कथा